मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शुक्रवार को सचिवालय में जिला हरिद्वार के लिए कोविड-19 के कारण आइसोलेशन में रह रहे लोगों की निगरानी के लिए इंटरएक्टिव वॉइस रिस्पोंस सिस्टम (आईवीआरएस) का ट्रायल शुरू किया।
इस प्रणाली से आइसोलेशन में रह रहे लोगों की मॉनिटरिंग की जाएगी।
सिस्टम से पूछे गए सवालों की प्रतिक्रिया के अनुसार सभी समस्याएं एवं जानकारियां सिस्टम में दर्ज हो जाएंगी। इस प्रणाली के माध्यम से लक्षण, टेस्टिंग एवं फॉलो-अप से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं। उनके उत्तरों के अनुसार सभी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को सूचित कर तत्काल मेडिकल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने इस प्रणाली की मदद से आइसोलेशन में रह रहे एक व्यक्ति से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड से संक्रमित व्यक्ति की मॉनिटरिंग करना तो आवश्यक है। परंतु यह भी सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित व्यक्ति से सुविधाजनक समय पर संपर्क किया जाए।
फीडबैक लेने के दौरान आइसोलेशन में रह रहे व्यक्ति को कम से कम परेशानी हो। इस अवसर पर दून के मेयर सुनील उनियाल गामा, मुख्यमंत्री के आईटी सलाहकार रविंद्र दत्त पेटवाल एवं एसएसपी हरिद्वार सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस भी उपस्थित थे।