अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को उत्तराखंड पहुंचे दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया का भव्य स्वागत किया गया। आप नेता दीपक बाली के रामनगर रोड स्थित आवास में पहुंचने पर मनीष सिसौदिया का स्वागत आरती और छोलिया नृत्य के साथ किया गया। पिथौरागढ़ से पहुंची छोलिया नृतकों की टीम ने नृत्य पेश किया। महिलाएं भी पारंपरिक कुमाऊंनी परिधानों में स्वागत के लिए मौजूद रहीं।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया के काशीपुर पहुंचने पर आप कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ नेता दीपक बाली के नेतृत्व में सूर्या बार्डर पर ढोल नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। यहां से सिसौदिया जुलूस के साथ महाराणा प्रताप चौक पहुंचे जहां उन्होंने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। दीपक बाली ने उन्हें तलवार भेंट की। इसके बाद सिसौदिया ने रामनगर रोड पर आप के कार्यालय का उद्घाटन किया।