उत्तराखण्ड: पुंछ जिले में सीजफायर का उल्लंघन कर रहे पाक सैनिकों की गोलाबारी के दौरान शहीद हुए 16वीं गढ़वाल राइफल के सूबेदार स्वतंत्र सिंह (46) का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए शनिवार तड़के उनके पैतृक गांव उडियारी (द्वारीखाल ब्लाक) ले जाया गया। शहीद का शव घर पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया।
मां और पत्नी बेसुध हो गई। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। अंतिम दर्शन के दौरान सभी ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद शहीद की अंतिम यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री धन सिंह रावत मौजूद रहे।
यात्रा में लोगों की भीड़ उमड़ी और भारत माता की जय, वीर स्वतंत्र तुम अमर रहो के नारों के साथ पूरा वातावरण वीरता के सुरों से गूंजायमान हो गया। पूरे सैन्य सम्मान के साथ आज पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।