कृषि कानूनों के मसले पर किसानों का प्रदर्शन जारी है, दिल्ली-एनसीआर पर पिछले एक हफ्ते से इसका असर पड़ रहा है. इस बीच आज भारत सरकार और किसानों के बीच सुलह को लेकर चर्चा होनी है. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने दोपहर तीन बजे किसान संगठनों को वार्ता के लिए बुलाया है, ये बातचीत दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी.

जानकारी के मुताबिक, जिन किसान संगठनों से सरकार ने कृषि कानून के मसले पर पहले भी बात की है उन्हीं संगठनों को आज की वार्ता के लिए न्योता दिया गया है. इस दौरान कुल 32 प्रतिनिधि कृषि मंत्री के साथ वार्ता करेंगे

पंजाब किसान संघर्ष कमेटी के सुखविंदर का कहना है कि देश में किसानों के करीब 500 से अधिक संगठन हैं, लेकिन सरकार ने कुल 32 को न्योता दिया है. ऐसे में अगर सरकार सभी संगठनों को नहीं बुलाती है, तो हम नहीं जाएंगे.

कृषि मंत्रालय की ओर से किसान संगठनों को जो चिट्ठी लिखी गई है, उसमें कहा गया है कि भारत सरकार ने पहले भी आप से दो बार बातचीत की है, ऐसे में उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए एक दिसंबर को दोपहर तीन बजे आगे की बात होगी. जो संगठन पहले शामिल हुए थे, वे ही दोबारा भी शामिल हों.
