मथुरा में पुलिस ने लाल चंदन की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये की लाल चंदन की लकड़ी बरामद हुई है। लाल चंदन की लकड़ी आंध्र प्रदेश से तस्करी कर लाई गई थी। मथुरा-वृंदावन व अन्य शहरों में सप्लाई करना था। इससे पहले ही एसटीएफ, वन विभाग और थाना हाईवे पुलिस की टीम ने सोमवार रात को चेकिंग के दौरान सात आरोपियों को पकड़ लिया। जबकि चार आरोपी फरार हो गए। सभी आरोपी दो कारों में सवार थे। तलाशी लेने पर कारों से साढ़े पांच कुंतल से अधिक लाल चंदन की लकड़ी बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। चार फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने पुष्पा मूवी देखकर लाल चंदन की तस्करी शुरू की थी।
मंगलवार को एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि आंध्र प्रदेश से तस्करी करके इनोवा और होंडा सिटी कार में लाई जा रही लाल चंदन की लकड़ी राधा गुलमोहर सिटी के पास से पकड़ी गई है। बरामद 563 किग्रा लकड़ी के साथ तस्कर भी दबोचे गए हैं। तस्कर इसे वृंदावन और मथुरा समेत धार्मिक स्थलों पर सप्लाई करने वाले थे।