भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे के कमरे में घुसकर कीमती जेवरात मोबाइल समेत करीब 25 लाख की चोरी की वारदात का पुलिस में 24 घंटे के भीतर ही खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तमिलनाडु के दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी के समस्त सामान भी बरामद किए हैं। चोरी करने वाले आरोपी पिता-पुत्र बताए गए हैं, जिन्होंने होटल के प्रत्येक कमरों की करके चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के खुलासे के बाद भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने उत्तर प्रदेश पुलिस व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के प्रति आभार जताया है।
मालूम हो कि भोजपुरी अभिनेत्री दुबे अयोध्या जनपद में एक फिल्म की शूटिंग करने के लिए आई थी और वह सिविल लाइन स्थित होटल शाने अवध में चतुर्थ तल पर एक कमरे में अपनी मां के साथ रुकी हुई थी। गुरुवार की सुबह कमरा बंद करना भूल गई थी। इस बीच कमरे से सोने व हीरे के कीमती जेवरात और तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी तो हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने मौके का मुआयना करते हुए मामले का खुलासा करने के लिए टीमें गठित किया था। सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने तेजी से काम करते हुए 24 घंटा के अंदर ही वारदात का खुलासा कर दिया और चोरी गए सभी सामानों को बरामद किया है।