दस अक्तूबर को उत्तर प्रदेश आतंकवाद विरोधी दस्ता (एटीएस) के हत्थे चढ़े बांग्लादेश निवासी आतंकी अलीनूर की पत्नी को भी एलआईयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ तीन बच्चे भी रह रहे थे। वह रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के दादूपुर गोविंदपुर में बिना पासपोर्ट और वीजा के किराये के मकान में रह रही थी। पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश किया।
दस अक्तूबर को उत्तर प्रदेश एटीएस ने आठ आतंकी गिरफ्तार किए थे। इनमें अलीनूर निवासी गोपालगंज बांग्लादेश भी गिरफ्तार हुआ था। अलीनूर हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली क्षेत्र के दादूपुर गोविंदपुर में रहता था। अलीनूर के साथ रुड़की नगला इमरती निवासी मुदस्सिर, देवबंद के कामिल सहित आठ लोगों के आतंकी संगठन जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश से कनेक्शन सामने आए थे।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात रानीपुर कोतवाली एसएसआई अनुरोध व्यास, एलआईयू के आरक्षी हरीश रावत को सूचना मिली कि बांग्लादेशी महिला दादूपुर गोविंदपुर में रह रही है। एलआईयू और पुलिस की संयुक्त टीम ने दादूपुर पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया और कोतवाली लेकर आई।