मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में भारतीय रिजर्व बटालियन (आईआरबी) के प्रस्ताव का परीक्षण किया जाएगा। सरकार को प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। वह सुद्धोवाला में आईआरबी (दो) के प्रशासनिक भवन के लोकार्पण करने के बाद संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने द्वितीय चरण के भवनों का शिलान्यास भी किया। धामी ने सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पूरे चरम पर है। ऐसे में पुलिस की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालु देवभूमि से अच्छा संदेश लेकर जाएं यह सबकी जिम्मेदारी है। उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और पुलिस हमारी ब्रांड एंबेसडर है। पुलिस को ध्येय वाक्य मित्रता, सेवा और सुरक्षा को चरितार्थ करने के लिए पूरे मनोयोग काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से पालन कराने और अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए। स्मार्ट पुलिसिंग के लिए तकनीक का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने को कहा। उन्होंने कहा कि एसओजी, एसटीएफ, साइबर सेल जैसे अलग-अलग शाखाओं में काम करने वाले पुलिस कर्मियों की स्पेशल ट्रेनिंग कराई जाए।