आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए चौड़ीकरण कार्य को तेज गति से पूरा करने के लिए खनेड़ा किसाला के पास प्रशासन ने 12 अप्रैल तक हर दिन सुबह दस से अपराह्न तीन बजे तक आवाजाही पूरी तरह से बंद रखने का निर्णय लिया है लेकिन सोमवार को साढ़े पांच बजे बाद भी आवाजाही न खुलने के कारण गीठ व ओजरी पट्टी के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई ग्रामीण अपने छोटे बच्चों के साथ हाईवे खुलने का इंतजार करते रहे। ग्रामीण प्यारे लाल उनियाल, संदीप सिंह, महावीर, अजय, विनोद, बर्फिया आदि ने निर्माण एजेंसी पर प्रशासन की आड़ में जनता को परेशान करने का आरोप लगाया। शाम तक भी हाईवे आवाजाही के लिए नहीं खुल पाया था। इधर, एनएच के अधिशासी अभियंता राजेश पंत का कहना है कि कटिंग का मलबा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। मलबा हटते ही आवाजाही बहाल हो जाएगी।
वहीं उत्तरकाशी के गरतांग गली पर्यटकों से गुलजार होने लगी है। बीते 4 दिनों में यहां 100 से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। वहीं गंगोत्री नेशनल पार्क प्रशासन चारधाम यात्रा सीजन शुरू होने से पहले यहां पर्यटकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की बात कह रहा है।