पशुपतिनाथ के देश नेपाल की संसदीय समिति का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को CM पुष्कर सिंह धामी से उनके आवास पर मिला। भारत के साथ रिश्ते बेहतर करने की कोशिश कर रही नेपाल के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल न सिर्फ उत्तराखंड से सटा देश है बल्कि दोनों के मध्य सदियों से बेहद आत्मीय और अटूट रिश्ता है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और नेपाल के बीच खुली अंतर्राष्ट्रीय सीमा एक-दूसरे के प्रति भरोसे और मित्रता की अनंत सीमा को प्रदर्शित करती है। दोनों के मध्य रोजगार से ले के सांस्कृतिक और वैवाहिक रिश्ते तक हैं। दोनों के बीच रोटी-बेटी के रिश्ते इस कदर प्रगाढ़ हैं कि इसमें कभी भी दरार नहीं पड़ सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों तरफ की परंपराएं एवं संस्कृति भी मिलती-जुलती हैं। नेपाल की संसदीय समिति ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उन्हें पशुपतिनाथ की अनुकृति भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष हरका बहादुर कुंवर, सदस्य महेश दत्त जोशी, भरत बहादुर खटका, कृष्ण बहादुर चौधरी, अक्कल बहादुर रावत, अंबी कुमारी थापा एवं कृष्ण राज सुबेदी मौजूद थे।
नेपाल के PM शेर बहादुर देऊबा भी भारत दौरे पर हैं। उनको भारत के हितैषियों में माना जाता है। ओली सरकार के दौरान नेपाल के साथ भारत के रिश्तों में खटास आती दिखने लगी थी। भारत ने हालांकि अपने पुराने पड़ोसी देश के प्रति संयम का प्रदर्शन किया। देऊबा के आने के बाद फिर से रिश्तों में मजबूती लाए जाने की कोशिश दोनों तरफ से हो रही।