मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा 10 मार्च को विधानसभा चुनाव के नतीजों में 80 फीसदी सीटों पर भाजपा और उसके सहयोगी दल जीतकर प्रदेश में एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ डबल इंजन की सरकार बनाएंगे और शेष 20 फीसदी सीटों का विपक्ष में बंटवारा होगा। विधानसभा चुनाव के सातवें चरण का चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले शनिवार शाम भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जातिवाद की दीवार टूटी है, परंपरागत वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वाले विफल हुए है। प्रदेश की जनता ने राष्ट्रवाद, विकास, सुशासन और कानून के राज के मुद्दे पर छह चरणों में भाजपा को समर्थन और आशीर्वाद दिया है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं था। उन्होंने कहा कि विपक्ष की संवेदना विकास, अन्नदाता किसान, ऊर्जावान नौजवान, मां बहिनों की सुरक्षा केलिए नहीं बल्कि पेशेवर माफिया और आतंकियों के लिए है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने महापुरुषों का अपमान करते रहे। भाजपा सरकार जब सरदार वल्लभ भाई पटेल का सम्मान दिवस मना रही थी तो विपक्ष जिन्ना का गुणगान कर रहा था। सरकार जब युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दे रहे थी तो विपक्ष पाराकस्ता का गुणगान कर रहा था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विपक्ष को अब कभी मौका नहीं देगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने हर दिशा में काम किया है, उसका परिणाम देखने चुनाव में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि पहले चरण से भाजपा के पक्ष में बना ट्रेंड सातवें चरण तक जारी रहेगा। दस मार्च को भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में फिर से प्रचंड बहुमत के साथ डबल इंजन की सरकार बनाएगी। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, हिमांशु दुबे, हीरो वाजपेयी, राकेश त्रिपाठी, अंकुश त्रिपाठी और डॉ.चंद्रमोहन मौजूद थे।