चारधाम यात्रा को लेकर सीएम तीरथ सिंह रावत ने दो टूक 30 अप्रैल तक सभी तैयारियां पूरी किए जाने के निर्देश दिए। सभी अफसरों को निरंतर समीक्षा किए जाने को कहा। सीएम स्वयं 15 दिन में कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि कार्यों के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके लिए वे स्वयं कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। कहा कि सभी सचिव भी समय समय पर अपने विभागों की कार्य प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उससे अवगत कराया जाए। समस्याओं का उचित समाधान निकाला जाएगा।
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के चारधाम देश एवं दुनिया की आस्था का प्रमुख केन्द्र है। चार धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी। ऐसे में यात्रा मार्गों और उसके आस-पास के क्षेत्रों में भी सड़क से सबंधित कार्य तय समय पर पूरे किए जाएं। यात्रा को सुविधाजनक बनाने को यात्रा मार्गों पर पेयजल, स्वच्छता, साइनेज एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। यात्रा मार्गों पर वाटर एटीएम की व्यवस्था को जल्द कार्ययोजना बनाई जाए। यात्रा मार्गों पर पानी के टैंकर की भी पर्याप्त व्यवस्था हो। बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी, दिलीप जावलकर, नितेश झा, राधिका झा, पंकज पाण्डेय, कमिश्नर गढ़वाल रविनाथ रमन, डीआईजी गढ़वाल नीरू गर्ग समेत वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारी एवं संबधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे
हेलीसेवा के टिकट वितरण में रहे पारदर्शिता: चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को हेलीकॉप्टर सेवा सुचारू रूप से मिले, इसके लिए ऑनलाईन व्यवस्था मजबूत रखी जाए। टिकट वितरण में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। सीएम ने अफसरों को निर्देश दिये कि जोशीमठ, गौरीकुण्ड से सोनप्रयाग एवं यात्रा की दृष्टि से अन्य प्रभावित स्थानों पर सड़क से सबंधित कार्यों में तेजी लाई जाए।
यात्रा मार्गों का फिटनेस टेस्ट अनिवार्य रूप से हो
सीएम ने कहा कि यात्रा मार्गों पर जो भी वाहन भेजे जायेंगे, उनका फिटनेस टेस्ट जरूर किया जाय। यह सुनिश्चित किया जाय कि यात्रा के दौरान वाहनों एवं यात्रा मार्गों पर होटल में रेट लिस्ट जरूरी लगी हो। यात्रा सीजन में पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की जाए। ओवर रेटिंग करने वालों पर सख्त कारवाई की जाए। हेमकुंड में भी स्ट्रीट लाईट की उचित व्यवस्था हो, इसके लिए जल्द तैयारी की जाए। आपदा से सबंधित संवेदनशील स्थानों पर संसाधनों की पूर्ण व्यवस्था हो। आपदा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए रिस्पांस टाइम कम से कम किया जाय। यात्रा मार्गों पर पार्किंग की उचित व्यवस्था हो।
31 मार्च तक पूरा हो तोताघाटी का काम: सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व सड़कों के सुधारीकरण का काम हर हाल में पूरा किया जाए। 31 मार्च तक तोताघाटी में सड़क सुधारीकरण का कार्य पूरा कर लिया जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाय
सीएम ने यात्रा सीजन में यात्रा मार्गों एवं धामों में स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी किए जाने के निर्देश दिए। यात्रा के दौरान हेली एंबुलेंस सेवा एवं 108 एबुंलेंस की समुचित व्यवस्था हो। केदारनाथ एवं यमुनोत्री में ईसीजी एवं कार्डियोलॉजिस्ट की समय पर तैनाती की व्यवस्था की जाए। ऑक्सीजन, आईसीयू एवं वेंटिलेटर की भी पर्याप्त व्यवस्था रखी जाय।
धाम तारीख
श्री गंगोत्री 14 मई
श्री यमुनोत्री 14 मई
श्री केदारनाथ 17 मई
श्री बदरीनाथ 18 मई