राज्यमंत्री यतीश्वरानंद व ज्वालापुर से भाजपा विधायक सुरेश राठौर ने सीएम को पत्र भेजकर हरिद्वार के जिला सहकारी बैंक में की जा रही वर्ग-चार की 34 नियुक्तियों को तत्काल रद्द करने की मांग की है। विधायकों ने बैंक प्रबंधन पर इन नौकरियों के लिए करोड़ों रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। यह पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। राज्यमंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और विधायक सुरेश राठौर ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को पत्र लिखकर कहा है कि नौ मार्च को कई अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित किया गया था कि सहकारी बैंक में वर्ग 4 के 34 पदों पर नियुक्ति की जानी है। दोनों ने आरोप लगाया कि इन नियुक्ति को लेकर करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया है।
उन्होंने पार्टी और सरकार के हित में तत्काल इन नियुक्तियों को रद्द करने की मांग सीएम से की है। स्वामी यतीश्वरानंद और सुरेश राठौर ने सीएम को पत्र भेजने की पुष्टि की है। सुरेश ने कहा-निवेशकों के साथ कार्यकर्ताओं ने उनसे इस संबंध में शिकायत की थी।