तीन कृषि कानूनों के विरोध में उत्तराखंड के रुड़की की गुड़ मंडी में आयोजित किसान महापंचायत में हजारों की संख्या में किसान पहुंचे। महापंचायत में शामिल होने के लिए किसान घोड़े, कारों और ट्रैक्टरों से गुड़ मंडी पहुंचे। महापंचायत में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के अध्यक्ष नरेश टिकैत भी शामिल हुए हैं। वे किसानों को संबोधित करेंगे।
इस दौरान किसी भी राजनीति दल के नेताओं को मंच साझा नहीं करने दिया जाएगा। इसमें सिर्फ किसान अपनी ताकत दिखाएंगे। इससे पहले किसान संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर किसानों से संपर्क किया और महापंचायत में पहुंचने की अपील की थी।
महापंचायत में आज किसान आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उत्तराखंड किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ ने कहा कि सभी किसान संगठन एकजुट है और महापंचायत में राज्य के किसान अपना वजूद दिखाएंगे।