गणतंत्र दिवस के मौके पर मंगलवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने ध्वजा रोहण कर राज्य को संबोधित किया।
कार्यक्रम की शुरूआत सुबह 10:30 बजे ध्वजारोहण के साथ हुई। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, कार्मिकों एवं पुलिस के जवानों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
राज्यपाल ने किया ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस के मौके पर मंगलवार को परेड मैदान में होने वाले मुख्य आयोजन में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने ध्वजारोहण किया। आयोजन संबंधी सभी तैयारियां सोमवार रात को पूरी कर ली गईं थीं। इसके पहले दिन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ परेड ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया था।