नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस पर किसानों की ओर से निकाली गई रैली के दौरान ट्रैक्टर हादसे में एक किसान की मौत हो गई. पुलिस ने इसकी पुष्टि की है. जानकारी के अनुसार, आईटीओ के पास डीडीयू मार्ग के पास एक किसान की हादसे में मौत हुई है. पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर तेज चला रहा था और ट्रेक्टर पलट गया जिससे उसकी मौत हुई. कुछ किसान वहां धरने पर बैठ गए हैं उनका कहना है पुलिस ने गोली मारी है. मृतक किसान का नाम नवनीत सिंह है. 30 साल का नवनीत उत्तराखण्ड के बाजपुर इलाके का रहने वाला बताया गया है.
गौरतलब है कि किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों के बीच झड़प हुई है. पुलिस ने मंगलवार को किसानों पर तब लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े जब पूर्व निर्धारित मार्ग से हटकर उनकी परेड आईटीओ सहित कई अन्य स्थानों पर पहुंच गई. किसान राजपथ की ओर जाना चाहते थे.