उत्तरी कश्मीर के सोपोर इलाके में फर्जी लश्कर-ए-ताइबा मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने एक इमाम समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। ये इलाके में लोगों को धमकाकर पैसे की वसूली करते थे। अब तक पुलिस को आठ लोगों से वसूली करने की जानकारी मिली है। पकड़े गए लोगों से स्टांप तथा पोस्टर बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई कि उसे एक पत्र मिला है जिसमें लश्कर के लिए 50 हजार रुपये देने को कहा गया है। कहा गया है कि संगठन को विभिन्न गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पैसे की जरूरत है। इस आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में कार ड्राइवर अली मोहम्मद रेशी, इमाम मुमताज अहमद वार तथा राज मिस्त्री अब्दुल कयूम गनई को गिरफ्तार किया गया। तीनों सोपोर के वारपोरा के रहने वाले हैं।