सुरनकोट तहसील में पीर पंजाल के पहाड़ों में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की आशंका है। पोशाना मुठभेड़ में दो आतंकियों को ढेर करने और एक आतंकी को दबोचने के बाद भी सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है। खुफिया सूत्रों के अनुसार घुसपैठ के दौरान ज्यादा आतंकियों के इस पार आने की आशंका है। मुमकिन है कि घुसपैठ के बाद आतंकियों ने ग्रुप बनाकर अलग-अलग रास्ते से होकर कश्मीर घाटी जाने की कोशिश की।
खुफिया सूत्रों ने बताया कि अभी भी तलाशी अभियान को रोका नहीं गया है। पीर पंजाल के पहाड़ों में ज्यादा बर्फबारी हुई है। ऐसे में आतंकियों के लिए आगे बढ़ना भी आसान नहीं है। यदि आतंकी मौजूद भी हैं तो किसी अस्थायी मकान में छिपे हो सकते हैं। पोशाना में मारे गए आतंकी भी इसी तरह से छिपे हुए थे।
सोमवार को सेना और पुलिस की साझा प्रेस वार्ता में इस आशंका का कोई जिक्र तो नहीं किया गया लेकिन इतना जरूर माना कि ऑपरेशन को अभी खत्म नहीं किया गया है। वहीं लगभग डेढ़ दशक बाद इलाके में मुठभेड़ के बाद से पूरा सुरक्षा तंत्र तमाम आशंकाओं के अनुरूप छानबीन में जुट गया है।