शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष पद का चुनाव शुक्रवार को संपन्न हुआ। बीबी जागीर कौर को तीसरी एसजीपीसी का अध्यक्ष चुना गया। बीबी जागीर कौर ने अपने विरोधी पंथक संगठनों के उम्मीदवार मिट्ठू सिंह को 102 मतों से पराजित किया। इससे पहले वह दो बार और भी अध्यक्ष रह चुकी हैं।
साधारण सभा में उपस्थित 143 सदस्यों में से 122 ने बीबी जागीर के पक्ष में मतदान किया। मिट्ठू सिंह को मात्र 20 वोट मिले। एक वोट रद्द हो गया। चुनाव में बादल समर्थकों ने बीबी जागीर कौर का नाम अध्यक्ष पद के लिए पेश किया तो विरोधी सदस्यों ने मिट्ठू सिंह का नाम पेश कर दिया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में मिली करारी हार के बाद बादल विरोधी एसजीपीसी सदस्यों ने दूसरे पदों के लिए मतदान की मांग नहीं की। बीबी जागीर कौर के अध्यक्ष पद की सेवा संभालने के बाद सुरजीत सिंह को सीनियर उपाध्यक्ष, बाबा बूटा सिंह को जूनियर उपाध्यक्ष व भगवंत सिंह स्यालका को सर्वसम्मति से महासचिव चुना गया।
कार्यकारिणी के 11 सदस्यों में बलदेव सिंह चूंघा, संत चरणजीत सिंह, नवतेज सिंह कोउनि, सतविंदर सिंह टोहरा, अजमेर सिंह खेड़ा, दर्शन सिंह शेर खान, भूपिंदर सिंह भलवान, हरभजन सिंह मसाना, बीबी मंजीत कौर कमालपुर के साथ-साथ विरोधी गुट के दो सदस्यों को भी शामिल किया गया है। अध्यक्ष पद के चुनाव में पराजित होने वाले मिट्ठू सिंह और अमरीक सिंह शाहपुर भी कार्यकारिणी में अपना स्थान बनाने में सफल रहे।