जम्मू-कश्मीर: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में आतंकियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की नापाक हरकत की है। इलाके के संगालो पुल पर तैनात पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों को निशाना बनाते हुए आतंकियों ने ग्रेनेड हमला किया है। इस घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

बता दें कि पिछले वर्ष पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। घाटी का माहौल खराब करने की लगातार साजिशें रची जा रही हैं। अनुच्छेद 370 हटाए जाने की पहली वर्षगांठ से एक दिन पहले मंगलवार सुबह पूरी कश्मीर घाटी में कर्फ्यू लगा दिया गया। श्रीनगर में पुलिस ने मुख्य सड़कों को तारबंदी कर सील कर दिया है।
सुरक्षा एजेंसियों को नए जम्मू-कश्मीर की पहली वर्षगांठ पर पांच अगस्त को आतंकी हमले के इनपुट के मद्देनजर सोमवार रात को हुई सुरक्षा समीक्षा के बाद मंगलवार की सुबह श्रीनगर में सड़कों पर सुबह से ही पुलिस की गाड़ियां कर्फ्यू का ऐलान करती दिखाई दीं।
इसके साथ ही लोगों से घरों में ही रहने की अपील की गई। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कोई पाबंदियों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं पुलिस ने मुख्य सड़कों पर रास्तों को तारबंदी कर सील कर दिया।