Graphic Era डीम्ड विवि का कैंपस देश के नामचीन कवियों ने विवि समूह के अध्यक्ष प्रो. कमल घनशाला के जन्मदिन पर विशेष आयोजन के दौरान अपनी जबर्दस्त और सिस्टम-समाज को हिला देने वाली चुटीली-कंटीली रचनाओं से जीवंत हो उठा। चंद घंटों के लिए विशाल परिसर में ठहाकों का संसार ही बस गया। रचनाएँ तो एक से एक पेश हुईं लेकिन महफिल लूट ले गए दिनेश रघुवंशी, जिनको इस मौके पर दिए जाने वाले सालाना विशेष `Graphic Era काव्य गौरव’ सम्मान से नवाजा गया।
ग्राफिक एरा अपने अध्यक्ष कमल घनशाला के जन्मदिवस पर हर साल अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन करता है। साथ ही एक बेहतरीन कवि को ग्राफिक एरा काव्य गौरव से भी नवाजता है। कवि सम्मेलन की शुरुआत शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और कृषि मंत्री गणेश जोशी ने ग्राफिक एरा एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ कमल घनशाला व कवियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले कोरोना काल में दिवंगत शिक्षकों, स्टाफ और अभिभावकों को याद करके श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कवि सम्मेलन की शुरूआत ग्राफिक एरा के दो छात्रों अभिषेक भारद्वाज और स्वर्णिम आदित्य की कविताओं के साथ हुई। इसके बाद लाफ्टर शो से वायरल हास्य व्यंग्य के शाहकार दीपक सैनी ने राजनेताओं पर अपने अंदाज में तीखे व्यंग्य प्रहार किए। उनकी रचनाओं पर दोनों मंत्रियों के भी हाथ खुद बा खुद ताली बजाने को मजबूर दिखाई दिए। हास्य रस के प्रख्यात कवि डॉ हरिओम पंवार श्रोताओं में अपनी रचनाओं से देशभक्ति का जज्बा जबर्दस्त ढंग से जगाने में सफल रहे। माहौल में उन्होंने वास्तव में नया जोश भर दिया।