कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले कैंची धाम में बाबा के दर्शन किए और फिर होली खेली। यहां से वह देहरादून के लिए रवाना होंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार में गंगा पूजन के साथ ही होली कार्यक्रमों में शामिल होंगे। दिल्ली से लौटने के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा पहुंचे थे। यहां पहुंचने पर उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया।
उत्तराखंड में सीएम को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है। सबकी निगाहें दिल्ली पर लगी हैं। केंद्रीय नेताओं से मंत्रणा करने के बाद कार्यकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक समेत कई विधायकों के अपने-अपने चुनाव क्षेत्रों में लौटने की सूचना है। पुष्कर धामी खटीमा पहुंच गए हैं। संगठन से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अब सीएम के नाम पर बने रहस्य पर से पर्दा होली के बाद ही उठेगा।
बुधवार को खटीमा पहुंचे सीएम धामी ने कहा कि जनता के शुक्रगुजार हैं कि उनके आशीर्वाद ने उन्हें राजनीति में मुकाम दिलाया। जो जनादेश अभी मिला है उनके लिए वह आभार व्यक्त करते हैं। क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सर्राफ पब्लिक स्कूल में कार्यकर्ताओं से अनौपचारिक वार्ता के बाद पत्रकारों से भी रूबरू धामी ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के साथ ही पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आभारी हैं।