शादी का झांसा देकर एक युवती की खरीद-फरोख्त के मामले में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने तीन महिलाओं समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह 80 हजार रुपये में काशीपुर की एक युवती का सौदा कर रहा था। टीम ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, छह मोबाइल और दो वाहन बरामद किए हैं।
सीओ आशीष भारद्वाज ने बताया कि बाजपुर और काशीपुर क्षेत्र में कुछ महिलाएं अैर पुरुष मानव तस्करी के धंधे में शामिल बताए गए हैं। मुखबिर की सूचना पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर आठ लोगों को पकड़ा। इनमें से तीन महिलाएं भी शामिल हैं। पता लगा कि ये लोग रेलवे स्टेशन पर 80 हजार रुपये में एक युवती का सौदा कर रहे थे।
खरीदार युवती को ले जा रहे थे हरियाणा
इस दौरान दो आरोपी भाग निकले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हरियाणा के एक युवक ने उनसे शादी के लिए युवती दिलाने की बात कही थी। युवती ने पुलिस को बताया कि दलालों ने रकम लेकर उसका सौदा किया था। वे खरीदार उसे हरियाणा ले जा रहे थे।