प्रदेश में कोविड के अब छिटपुट मरीज मिल रहे हैं। ऐसे में कोविड अस्पतालों को पूरी तरह से सामान्य करने की तैयारी है। हालांकि इन अस्पतालों में एक-एक वार्ड कोविड मरीजों के लिए बनाया जाएगा। प्रदेश के सिर्फ 31 जिले ऐसे हैं, जहां अभी कोविड मरीज मिल रहे हैं। प्रदेश में रविवार को 44 जिलों में कोविड का कोई नया मरीज नहीं मिला है। 31 जिलों में 76 नए मरीज मिले हैं। इनमें सिर्फ गौतमबुद्धनगर में 10 मरीज मिले हैं। अन्य जिलों में एक से तीन मरीज सामने आए हैं। बीते 24 घंटे में बलिया में एक मरीज की मौत भी हुई है। इसी तरह 162 मरीज सही भी हुए हैं। अब प्रदेश में सक्रिय केस सिर्फ 1313 रह गए हैं। छह जिलों में कोई सक्रिय केस नहीं हैं।
प्रदेश में नवंबर के अंतिम सप्ताह से कोविड की तीसरी लहर शुरू हुई थी। 19 जनवरी इसका पीक रहा और इस दिन संक्रमण की दर 7.70 फीसदी रिकॉर्ड की गई। इस दिन प्रदेश में 17,776 मरीज मिले थे। इसके बाद लगातार गिरावट का दौर शुरू हुआ और 28 फरवरी को संक्रमण दर घटकर 0.24 फीसदी पर पहुंच गई। 12 मार्च से कोविड के नए मिलने वाले मरीजों की संख्या 100 से नीचे आई और संक्रमण की दर भी 0.07 फीसदी रह गई। 13 मार्च को संक्रमण दर गिरकर 0.06 फीसदी पर पहुंच गई है।