कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की मुहिम लड़की हूं, लड़ सकती हूं मैं… यूपी फार्मूले को आधार बनाकर उत्तराखंड में भी कांग्रेस से जुड़ी आधी आबादी विस चुनाव में 40 फीसदी हिस्सेदारी मांग रही है। विधानसभा चुनाव के लिए 78 महिलाओं ने स्क्रीनिंग कमेटी के सामने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनमें 64 सामान्य तो 14 सीटों पर आरक्षित उम्मीवार महिलाओं ने दावा पेश किया है। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य ने हाईकमान को पत्र लिखकर चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की मांग की है।
2017 के चुनाव में कांग्रेस ने सात सीटों पर महिलाओं को मैदान में उतारा था। इस बार इनमें से तीन पर पुरुषों को टिकट मिल सकता है। 2017 में भगवानपुर सीट से ममता राकेश और हल्द्वानी सीट से डॉ. इंदिरा हृदयेश ही जीतने में कामयाब रहीं थीं। बाकी सीटों पर हार का सामना करना पड़ रहा था।
पार्टी सूत्रों की मानें तो हाल ही में भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थामने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य बाजपुर सीट से दावेदारी जता रहे हैं। ऐसे में सुनीता टम्टा बाजवा का टिकट कट सकता है। वहीं, दूसरी तरफ उनके साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए बेटे और निवर्तमान विधायक संजीव आर्य को भी नैनीताल सीट से प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में इस सीट पर सरिता आर्य का टिकट कट सकता है। हल्द्वानी में डॉ. इंदिरा हृदयेश के निधन के बाद माना जा रहा है कि इस सीट पर पार्टी उनके बेटे सुमित हृदयेश पर दांव खेल सकती है।