राज्य सभा सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी के पैतृक गांव नकोट में मतदाताओं की संख्या में 175 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। इसके पीछे बलूनी का अपना वोट अपने गांव अभियान का हाथ है। जब बलूनी ने अपने गांव से अभियान की शुरुआत की थी, तब वहां सिर्फ 25 वोट थे। बलूनी की अपील पर गांव के 44 अन्य लोगों ने अपने वोट बनाए। इस सकारात्मक नतीजे से उत्साहित बलूनी विधानसभा चुनाव के बाद पूरे प्रदेश में इस अभियान को चलाने की सोच रहे हैं।
अभियान से बलूनी पलायन की समस्या का भी समाधान तलाश रहे
बलूनी का गांव पौड़ी जिले में हैं, जहां पलायन सबसे गंभीर समस्या है। ईगास पर्व और अपना वोट अपने गांव अभियान से बलूनी पलायन की समस्या का भी समाधान तलाश रहे हैं। जानकारों का मानना है कि पहाड़ से हो रहे पलायन की वजह से भविष्य में वहां राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर होता जाएगा।