200 करोड़ रुपए की वसूली करने वाले सुकेश चंद्रशेखर के मामले में जब से जैकलीन फर्नांडीस का नाम सामने आया है, तब से अभिनेत्री मुश्किलों में फंसती जा रही हैं। रविवार को जैकलीन को देश से बाहर जाने से रोक दिया गया। अभिनेत्री को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया। जानकारी के मुताबिक, जैकलीन अपने एक शो के लिए विदेश जा रही थीं लेकिन उन्हें देश से बाहर जाने के लिए मना कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, ईडी के लुक आउट सर्कुलर की वजह से जैकलीन को एयरपोर्ट पर रोका गया है और विदेश नहीं जाने दिया जा रहा है।
हाल ही में, एक रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें ईडी ने दावा किया गया कि सुकेश ने जैकलीन को करोड़ों के गिफ्ट दिए हैं। ईडी के मुताबिक, साल 2021 के जनवरी महीने में सुकेश और जैकलीन की बातचीत शुरू हुई थी और तब से ही दोनों काफी क्लोज हैं। इस दौरान सुकेश ने जैकलीन को 10 करोड़ रुपये के गिफ्ट दिए थे। इसमें कई ज्वैलरी, डायमंड जैसे कई लग्जरी चीजें शामिल हैं। इतना ही नहीं, सुकेश ने जैकलीन को 36 लाख की चार पर्शियन बिल्ली और 52 लाख का एक और गिफ्ट दिया था। दावा तो ये भी किया जाता है कि जब सुकेश जमानत से बाहर आया था तब वह और जैकलीन चेन्नई में एक साथ होटल में रुके थे
जैकलीन और सुकेश की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें जैकलीन सुकेश के गाल पर किस करती नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद दावा किया जाने लगा कि जैकलीन और सुकेश एक रिश्ते में थे। तस्वीर इसी साल अप्रैल से लेकर जून के बीच की बताई जा रही है। उस दौरान सुकेश तिहाड़ जेल से अंतरिम जमानत पर बाहर आया था। हालांकि, जैकलीन ने मास्टरमाइंड सुकेश चंद्रशेखर के साथ किसी भी रिश्ते को लेकर इनकार किया था।