आम आदमी पार्टी के नेता और आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने आज रविवार को उत्तराखंड के कीर्तिनगर में रोड शो निकाला। इस दौरान उन्होंने सभा में पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया। कर्नल कोठियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी पर हमला बोला।
उत्तराखंड को डूबने से बचाने का वक्त
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देहरादून में आयोजित जनसभा में लोग उनके भाषण से पहले ही चले गए थे। भाजपा राष्ट्रवाद के नाम पर जनता को छलती है। इस समय उत्तराखंड को डूबने से बचाने का वक्त है। इसलिए एक बार आम आदमी पार्टी को मौका दें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देहरादून रैली पर निशाना साधा
शनिवार को कर्नल कोठियाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देहरादून रैली पर निशाना साधा। उन्होंंने कहा कि पूरा सरकारी तंत्र लगाने के बाद भी पीएम मोदी की रैली फ्लॉप रही है। रैली के बीच से ही लोगों के उठ कर चले जाने से साफ है कि लोग मोदी के जुमलों के झांसे में आने वाले नहीं हैं। अबकी बार भाजपा की विदाई तय है।