भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में आस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया और श्रृंखला अपने नाम करने का कमाल कर दिखाया. भारत ने पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 11 रन से जीता था और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली. भारत की जीत में हार्दिक पंड्या ने कमाल किया और 22 गेंद पर 42 रन बनाकर नाबाद रहे. अपनी पारी में पंड्या ने 3 चौके और 2 छक्के जमाए. हार्दिक के अलावा श्रेयस अय्यर 5 गेंद पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे. अपनी पारी में श्रेयस ने 1 चौके और 1 गगनचुंबी छक्का जमाया. भले ही श्रेयस ज्यादा रन नहीं बना सके लेकिन एडम जंपा की गेंद पर मारा गया 111 मीटर छक्का काफी यादगार रहा. जिसे देखकर कप्तान विराट कोहली भी हैरान रह गए. भारतीय पारी के 18वें ओवर में जंपा की गेंद पर श्रेयस ने गगनचुंबी छक्का जमाया तो पवेलियन में कोहली काफी हैरान हो गए और आश्चर्य से बाउंड्री की तरफ देखने लगे. सोशल मीडिया पर अय्यर के द्वारा मारे गए इस छक्के की चर्चा काफी हो रही है. दूसरे टी-20 में भारत की जीत मं धवन ने 52 रन बनाए तो वहीं कोहली 40 रन बनाकर आउट हुए.