उत्तर प्रदेश: अयोध्या में राम मंदिर भूमि पूजन के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में लोगों ने हलवा और लड्डू बांटकर जश्र मनाया। जय श्री राम के उद्घोष से पूरी देवभूमि गूंज उठी। राजधानी शिमला में शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने लोगों को लड्डू बांटे।
शिमला के लोअर बाजार में दुकानों को फूलों से सजाया जा रहा है। शहर में श्री राम के होर्डिंग्स लगे दिखाई दे रहे हैं। पांवटा साहिब में लोगों ने आतिशबाजी और पटाखे चलाए। मंदिरों व घरों में दीये जलाए गए। राम मंदिर के लिए सक्रिय भूमिका निभाने वाले कारसेवकों को लोगों ने बधाई दी।
शिमला के राम मंदिर में 108 व राधा कृष्ण मंदिर में शाम के समय 101 दीये जलाए जाएंगे। राम मंदिर की समन्वयक सुनंदा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मंदिर में दोपहर 12 बजे प्रसाद बनाकर लोगों में बांटा गया। हालांकि सोशल डिस्टेंसिंग के चलते मंदिर बंद है जिस कारण की भव्य कार्यक्रम नहीं किया जा रहा है। राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी उमेश नौटियाल ने बताया कि मंदिर में सुंदर कांड का पाठ किया गया है।