बरेली में तीन दिन से मंडरा रहे बादलों से शुक्रवार रात मौसम में बदलाव हुआ। रात में रिमझिम हुई। शनिवार सुबह तेज बारिश शुरू हो गई। दोपहर तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। बदायूं और पीलीभीत जिले में भी तेज बारिश हुई है। बारिश के साथ हवा चलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हवा के झोकों को गेहूं और सरसों का फसल झेल नहीं पाई। गेहूं की बालियों में दाना भी मजबूती पकड़ने लगा था, लेकिन बारिश के दौरान हवा ने फसल को गिरा दिया। नमी के साथ ही जमीन पर बिछी फसल का सीधा प्रभाव पैदावार पर पड़ेगा। खेतों में पानी भर जाने से खुदे पड़े आलू को भी नुकसान हो सकता है।

मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की और तेज बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। किसानों का कहना है कि तेज हवा चलने से गेहूं की फसल पहले ही खेतों में गिर गई है, अब अगर आगे भी बारिश होती रही तो फसल बर्बाद हो जाएगी। गेहूं के अलावा सरसों और आलू की फसल को भी नुकसान हुआ है।
तमाम जगहों पर उत्तर प्रदेश में फसलों का नुकसान हुआ है जिसके कारण किसानों में निराशा छा गई है