समाजवादी पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश की रायबरेली और अमेठी से भी लोकसभा चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं। कोलकाता में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दोहराया कि लोकसभा में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं होगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रायबरेली और अमेठी के कार्यकर्ताओं की शिकायत रहती है कि कांग्रेसी उनका वोट लेते हैं लेकिन जब उन पर किसी तरह की आपदा आती है या उनका उत्पीड़न होता है तो कांग्रेसी साथ नहीं देते हैं।
उन्होंने कहा कि वहां के स्थानीय नेताओं के साथ बातचीत की जाएगी और लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने पर विचार किया जाएगा। मालूम हो कि इन दोनों सीटों पर अभी तक समाजवादी पार्टी उम्मीदवार नहीं उतारती रही है। इसके बदले कांग्रेस भी मैनपुरी में उम्मीदवार नहीं उतारती थी। अब सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।