उत्तराखंड में बागेश्वर के जोशीगांव में एक मकान से एक महिला और उसके तीन बच्चों के शव मिलने की घटना ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। मृतकों में एक 5-6 महीने का बच्चा भी है। पुलिस जब घर के अंदर पहुंची तो शव सड़ी-गली अवस्था में थे। जिसने भी घटना के बारे में सुना या देखा वे हैरान रह गए।
वहीं, लोगों की मानें तो कुछ दिन पूर्व घटनास्थल के आसपास से बच्चे के रोने जैसी आवाज भी लोगों ने सुनी। इसके पीछे अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक बच्चा भाष्कर तब शायद जिंदा हो लेकिन लोग बच्चे के रोने का सटीक अनुमान नहीं लगा सके। लोगों ने इसे मन का भ्रम मानकर गंभीरता से नहीं लिया।
वहीं, जोशीगांव की घटना को होली के आसपास की मानी जा रही है। तब से गांव के लोगों ने मृतका और उसके बच्चों को नहीं देखा था। सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि घटना होली के बाद की हो सकती है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा।