हरिद्वार सिडकुल थाना क्षेत्र में एल्युमीनियम का सामान बनाने वाली बंद फैक्टरी में सहारनपुर के कबाड़ियों के गैंग ने डकैती डाली थी। पुलिस ने गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए मामले का पर्दाफाश कर दिया है। जबकि तीन आरोपी अभी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। आरोपियों के पास से करीब 40 लाख रुपये की कीमत का चोरी हुआ एल्युमीनियम का सामान बरामद कर लिया गया है। एसएसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
सोमवार को रोशनाबाद में मामले का पर्दाफाश करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि सिडकुल थाना क्षेत्र के सलेमपुर-महदूद स्थित ऑटोमेटिव एंड इंडस्ट्रियल रेडिएटर्स नाम की एल्युमीनियम का सामान बनाने वाली फैक्टरी में शनिवार की देर रात चार सुरक्षाकर्मियों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया गया था। फैक्टरी 2018 से बंद थी और कुछ समय पहले ही ऑटोमेटिव कंपनी ने इसे खरीदा था। फैक्टरी में डकैती डालकर आरोपी जुगाड़ वाहन में माल लादकर फरार हो गए थे। फैक्टरी प्रबंधक विवेक की तरफ से मुकदमा दर्ज कर टीम गठित कर खुलासे के लिए लगाई गई।