दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने दो सिपाहियों को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने चार राउंड हवाई फायरिंग भी की और फरार हो गए। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर सीओ समेत भारी पुलिस मौके पर पहुंचा। बदमाशों की तलाश की गई लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। दोनों सिपाहियों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। कस्बा स्थित सुनील कुमार ने घर के अंदर ही परचून की दुकान कर रखी है।
बृहस्पतिवार शाम दो अलग-अलग बाइकों पर छह नकाबपोश बदमाशों ने सुनील कुमार के घर डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया था लेकिन परिवार ने दरवाजा नहीं खोला था। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश फरार हो गए थे। बदमाश पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे।
दोबारा बदमाशों के आने की आशंका पर पुलिस अधिकारियों ने कोतवाली में तैनात एक सिपाही की सुनील कुमार के घर के पास सादे कपड़ों में तैनाती की थी। साथ ही सिपाही पंचम प्रकाश को गली के एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरों पर नजर रखने के निर्देश दिए थे। बताया जा रहा है कि रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे दो अलग-अलग बाइकों पर तीन नकाबपोश बदमाश सुनील के घर के बाहर पहुंचे। इस बीच सिपाही की सीसीटीवी कैमरे पर नजर पड़ी। बदमाश कुछ समझ पाते सिपाही घर से बाहर निकल आया और उन्हें पकड़ने की कोशिश की।