देहरादून में गुमानीवाला के आठ किशोर दोस्त का जन्मदिन मनाने शनिवार को घर से करीब 10 किलोमीटर दूर तपोवन में नीम बीच पहुंचे। लेकिन तीन दोस्तों के गंगा में डूबने से जन्मदिन की खुशी पलभर में मातम में बदल गई।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना मुनिकीरेती पुलिस को दी। थाना मुनिकीरेती पुलिस ने एसडीआरएफ ढालवाला की मदद से रविवार को भी गंगा में घाटों व बैराज पर सर्च अभियान चलाया लेकिन किशोरों का कहीं कुछ पता नहीं चला।
थाना मुनिकीरेती पुलिस ने बताया कि किशोर पार्टी मनाने आए थे। कार्यक्रम के बाद आर्यन बंगवाल (16) पुत्र वीरेंद्र बंगवाल, वत्सल बिष्ट (17) पुत्र महेंद्र बिष्ट, प्रतीक मलेठा (16) पुत्र राकेश चंद्र निवासी गली नंबर 28 गुमानीवाला ऋषिकेश गंगा में उतर गए।
तेज बहाव होने के कारण एक किशोर गंगा में बहने लगा, साथी को गंगा में बहता देख दो अन्य किशोरों ने उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन तीनों किशोर गंगा की तेज धाराओं में ओझल हो गए। किशोर के डूबने की सूचना मिलते ही परिजन नीम बीच पहुंचे। किशोरों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।