मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार के अधिकारी-कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने की अपेक्षा की है। उन्होंने मुख्य सचिव डॉ.एसएस संधु को निर्देश दिए कि बायोमीट्रिक प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में बाकायदा एक ट्वीट भी किया है।
इसमें उन्होंने लिखा, आज गुड गवर्नेंस को लेकर हुई बैठक में मैंने मुख्य सचिव को प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अविलंब बायोमीट्रिक प्रणाली का सुचारु रूप से अनुपालन का निर्देश दिया है। मैं सभी कर्मचारियों से समय पर कार्यालय पहुंचने की अपेक्षा करता हूं।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने बैठक की। इसके बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि समय का बहुत महत्व है। इसलिए हमारे कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आना चाहिए। तय समय तक काम करना चाहिए। बायोमीट्रिक प्रणाली व अन्य मापदंडों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।