पिछले चार महीने के दौरान उत्तराखंड में महंगाई ने छलांग मारी है। राज्य के शहरी क्षेत्रों की तुलना में गांवों में आटे-दाल और घी-तेल के भाव खूब चढ़े हैं। दिसंबर महीने में प्रदेश की महंगाई दर 5.88 फीसदी थी, जो मार्च में बढ़कर 6.66 फीसदी तक पहुंच गई है।
केंद्रीय सांख्यिकी व कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के नेशनल सैंपल सर्वे ऑफिस(एनएसएसओ) की ताजा उपभोक्ता मूल्य सूचकांक रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में महंगाई दर अधिक है। मार्च माह में राज्य की कुल महंगाई दर 6.66 फीसदी आंकी गई। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में यह 6.86 प्रतिशत तक रही।
जबकि शहरी क्षेत्रों में 6.33 फीसदी महंगाई दर आंकी गई। दिसंबर महीने में राज्य में महंगाई दर 5.83 प्रतिशत थी, जो जनवरी में बढ़कर 6.38 प्रतिशत तक जा पहुंची थी। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण पेट्रो उत्पादों में हुई बढ़ोतरी का असर वस्तुओं की कीमतों पर साफ दिखाई दे रहा है।