पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के बाद नई खबर सामने आ रही है। कांग्रेस पार्टी उन्हें पौड़ी जिले की चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से भाजपा के हैवीवेट नेता सतपाल महाराज के खिलाफ चुनाव मैदान में उतार सकती है। इस संबंध में पार्टी की ओर से उनकी राय पूछी गई है। हरक सिंह रावत ने इसकी पुष्टि की है।
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड में एक परिवार एक टिकट का फार्मूला लागू किया है। भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे संजीव आर्य को इससे बाहर रखा गया है। हरक सिंह के मामले में कहा जा रहा था कि उन्हें भी इसी शर्त के साथ पार्टी में एंट्री दी गई है। लेकिन अब नई खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने इस बारे में हरक सिंह रावत की राय पूछी है। संपर्क करने पर हरक सिंह रावत ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं ने इस बारे में उनसे राय मशविरा किया है।
पार्टी के आदेश का करेंगे पालन- हरक
भाजपा में रहते हुए हरक सिंह रावत तीन सीटों पर टिकट मांग रहे थे, जिसे पार्टी ने स्वीकार नहीं किया। लैंसडौन, केदारनाथ, डोईवाला वह संभावित सीटें थीं, जिन पर हरक सिंह रावत टिकट मांग रहे थे। अब अचानक पार्टी ने उनके सामने चौबट्टाखाल का ऑफर रख दिया है। हालांकि अभी इस बारे में पार्टी के शीर्ष नेता पूर्व सीएम हरीश रावत का कोई बयान सामने नहीं आया है। उनसे फोन पर संपर्क साधा गया, लेकिन बात नहीं हो पाई।