उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार तड़के से बारिश हो रही है। वहीं राज्य के अधिकतर इलाकों में भी सुबह से ही मौसम खराब है। वहीं चकराता, धनोल्टी और मसूरी के लालटिब्बा व बुरांश खंडा में भी बर्फबारी हुई है। जिससे यहां आए पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। पर्यटक काफी दिनों से यहां बर्फबारी की आस लगाए हुए थे।
बर्फबारी से लकदक हुईं चकराता की पहाड़ियां
शनिवार की सुबह बदले मौसम से चकराता व आसपास के इलाकों में हुए हिमपात से पूरा क्षेत्र बर्फ से ढक गया है। उधर, लोखंडी में भारी बर्फबारी के बाद रास्तों से लेकर घर-मकान, पेड़-पौधे लकदक हो गए हैं। बर्फबारी देखने के लिए क्षेत्र में पर्यटकों की भारी भीड़ जुट रही है।
चकराता के मौसम ने शनिवार की सुबह एक बार फिर से करवट बदली। पूरे इलाके में हुई झमाझम बारिश के बाद चकराता के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फबारी से क्षेत्र के लोखंडी, लोहारी, कनासर, देव वन, जाडी, चुरानी, डांडा, नगाहडांडा, छोली डांडा आदि गांवों समेत आसपास के इलाकों में रास्तों से लेकर पेड़ पौधे व पहाड़ियां बर्फ से ढक गए।
बर्फबारी की खबर मिलते ही पर्यटक चकराता क्षेत्र में पहुंचने शुरू हो गए हैं। पर्यटकों की जुट रही भीड़ से क्षेत्र का व्यापारी वर्ग भी खासा उत्साहित है। पिछले वर्ष कोरोना महामारी के कारण पर्यटन सीजन में व्यापारियों को काफी नुकसान पहुंचा था। स्थानीय निवासी बलबीर सिंह, सुरेंद्र सिंह और प्रीतम सिंह का कहना है कि दो साल बाद इस प्रकार की रौनक क्षेत्र में दिखाई दे रही है। उनका कहना है यदि इसी प्रकार से मौसम बना रहा तो आने वाले एक दो दिनों तक बर्फबारी का क्रम जारी रह सकता है।