मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राजस्व विभाग के 57 नायब तहसीलदारों तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग के 141 प्रवक्ताओं व 69 सहायक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यहां उन्होंने पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती शुरू होते ही महाभारत के सारे परिवार झोला लेकर वसूली के लिए निकल पड़ते थे और गड़बड़ी साबित होने पर खामियाजा सरकारी अफसर भुगतते थे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने पारदर्शी व ईमानदारी से भर्ती कार्यवाही की है और 4.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी है।
लोकभवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में योगी ने कहा कि उनकी सरकार में चयन प्रक्रिया में यदि कहीं गड़बड़ी की बात सामने आई तो भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने में कोई संकोच नहीं किया। जो गड़बड़ी करने के जिम्मेदार थे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की। उनमें से कई आज भी जेल में सजा काट रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति का एलान किया था। यह पूरे कार्यकाल जारी रहा। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों का आह्वान किया कि जिस तरह पारदर्शी व ईमानदारी से चयन हुआ है, उसी तरह वे भी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करें। उन्होंने विस्तार से बताया कि किस तरह सरकार ने प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए काम किया और आज उसके नतीजे सामने आ रहे हैं।
कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राज्य मंत्री गुलाब देवी व छत्रपाल सिंह गंगवार, राजस्व परिषद के चेयरमैन मुकुल सिंघल, अपर मुख्य सचिव राजस्व मनोज कुमार सिंह आदि वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।