लखनऊ से घर का काम करने के लिए लाई गई किशोरी के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। मकान मालकिन ने मारपीट करते हुए किशोरी के बाल भी काट दिए। उसके हाथों पर पैरों पर चोट के निशान हैं। पुलिस ने मकान मालकिन को हिरासत में लेकर किशोरी को पुलिस अभिरक्षा में रखा है। मामले में पुलिस ने बाल श्रम कानून समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई ज्वालापुर नितेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने एसआई सद्दाम शेख की तरफ से मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
किशोरी के हाथों, पैर और मुंह पर जख्म थे और खून बह रहा था
ज्वालापुर क्षेत्र की हरिलोक कालोनी निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में फोन करके जानकारी दी कि उनके पड़ोसी के यहां काम करने वाली किशोरी गुरुवार की शाम को उनके घर आई थी। किशोरी ने बताया कि वह लखनऊ की रहने वाली है। किशोरी ने अपने साथ हुुई घटना की जानकारी दी। किशोरी ने बताया कि मकान मालकिन ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और बाल भी काट दिए। पड़ोसी ने देखा तो किशोरी के हाथों, पैर और मुंह पर जख्म थे और खून बह रहा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस एसआई सद्दाम शेख महिला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। किशोरी को अपनी सुरक्षा में लिया। वहीं घर में मौजूद महिला ने पुलिस पर रौब गालिब करना चाहा। जिसके बाद पुलिस ने उसे भी हिरासत में ले कोतवाली ले आई।