बीजिंग. अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संगठन ‘रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स’ (RSF) ने अपनी एक रिपोर्ट में चीन को सबसे ज्यादा पत्रकारों (Journalists) को कैद में रखने वाला देश बताया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि कम से कम 127 पत्रकारों को चीन ने हिरासत में रखा है. सत्तारूढ़ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा ‘संवेदनशील’ माने गए मुद्दों की रिपोर्टिंग और पब्लिशिंग करने आरोप में पत्रकारों को हिरासत में लिया गया है. रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स के मुताबिक, इन पत्रकारों में पेशेवर और गैर-पेशेवर मीडियाकर्मी भी शामिल हैं.
RSF के अनुसार, इनमें से आधे से ज्यादा मीडियाकर्मी में 71 उइगर पत्रकार शामिल हैं. साल 2016 से, “आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई” के नाम पर बीजिंग शासन उइगरों के खिलाफ एक हिंसक अभियान चला रहा है. रिपोर्ट में आरएसएफ के महासचिव क्रिस्टोफ डेलॉयर के हवाले से कहा गया है कि चीन प्रेस की स्वतंत्रता को खोता जा रहा है. पेरिस स्थित आरएसएफ ने कहा कि इस रिपोर्ट से सूचना के अधिकार के खिलाफ शासन के दमन के अभियान की सीमा का पता चलता है.