बची-खुची जमीन-जायदाद को ले के उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच दो दशक से चली आ रही खतो-किताबत के खत्म होने के बाद CM पुष्कर सिंह धामी आज देहरादून लौटे तो बीजेपी ने जबर्दस्त जुलूस निकाल के उनका स्वागत-सम्मान किया। जुलूस का नजारा ऐसा था मानो उत्तराखंड ने UP फतह कर लिया हो।

उन्होंने कहा कि दोनों राज्य के बीच बातचीत 21 सालों से चल रही थी लेकिन समाधान नहीं निकल रहा था। दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ मुख्यमंत्री स्तर की बैठक में एक-एक करके परिसंपत्तियों के बंटवारे को लेकर सभी बिंदुओं पर सहमति बन गई। परिसंपत्तियों के बंटवारे से उत्तराखंड व क्षेत्र को होने वाले फायदों के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी।
जुलूस के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं और महिलाओं का भी उत्साह देखने लायक था। महिलाएं भी मुख्यमंत्री का माल्यार्पणऔर तिलक कर स्वागत में पीछे नहीं रहीं। मुख्यमंत्री खुली लाल रंग की जीप पर सवार हो के निकले। उन्होंने खड़े हो के लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ जीप पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक भी थे।