मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी मौजूदा विधानसभा खटीमा पर अपना फोकस बढ़ाते दिख रहे। शुक्रवार को लखनऊ से सीधे अपनी विधानसभा पहुंचे। यहाँ उन्होंने CSD कैंटीन का उद्घाटन किया। नागरिक चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट, आईसीयू एंव सीसीयू सेवा को शुरू किया। बीच में चंपावत भी चले गए। नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे में माथा भी टेका। डिडिहाट और खटीमा को पुष्कर की तरफ से मिल रही तवज्जो ने पार्टी में मौजूद विरोधियों के साथ ही काँग्रेस भी पूरी तरह गफलत में हैं।
खटीमा में आज मुख्यमंत्री ने दो एंबुलेंस में से एक को बग्घा चौवन व दूसरी को चाँदपुर के लिए हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कोरोना काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पाँच आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों मीनू जोशी, पुष्पा मेहता, रश्मि जोशी, हेमंती तथा विद्यावती को प्रशस्ति पत्र देकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। पुष्कर ने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के बनने से ऑक्सीजन की कोई कमी नही रहेगी।
आईसीयू व सीसीयू के बनने से मरीजों का और भी बेहतर ढंग से इलाज हो सकेगा। पुष्कर ने शुक्रवार को ही कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर खटीमा स्थित 22 पुल झनकईया में लगने वाले गंगा स्नान मेले का उद्घाटन भी किया। साथ ही शारदा के घाट पर गंगा आरती की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले हमारी कला एवं संस्कृति को संजो कर रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन से ही मेले का लगाव रहा है। मैं कक्षा चार से ही 22 पुल झनकईया मेले में शामिल होता रहा हूं।