News By Anamika Mishra
प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए जल्द तीन नई भर्तियां शुरू होने जा रही हैं। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। आने वाले 15 दिनों में यह भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
अग्निशमन विभाग में हेड कांस्टेबल के करीब 200 पदों पर भर्ती
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से जल्द ही अग्निशमन विभाग में हेड कांस्टेबल के करीब 200 पदों पर भर्ती शुरू की जाएगी। इसके अलावा सांख्यिकी विभाग में करीब 100 पदों पर भर्ती भी निकाली जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों में जूनियर इंजीनियर के करीब 50 पदों पर भर्ती निकलने जा रही है।
इन तीनों भर्तियों की सिफारिश (अधियाचन) आयोग को प्राप्त हो चुकीं हैं। इनका अध्ययन करने के बाद नोटिफिकेशन तैयार किया जा रहा है। आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि इसी महीने भर्तियों की आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की योजना है। चूंकि राज्य सरकार ने समूह-ग की सभी भर्तियों के आवेदन का शुल्क माफ किया है, इसलिए इन भर्तियों के लिए भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
एपीओ भर्ती के पेपर को लेकर फर्जी मैसेज
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की ओर से 21 नवंबर को सहायक अभियोजन अधिकारी (एपीओ) भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा कराई जा रही है। इस परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों के पास आजकल कुछ मैसेज आ रहे हैं। इन मैैसेज में लालच दिया जा रहा है कि पहले से ही पेपर प्राप्त कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए मैसेज भेजने वाले 25 से 30 हजार रुपये की मांग कर रहे हैं।
आयोग के संज्ञान में यह मामला आया तो आयोग ने सभी उम्मीदवारों को एक मैसेज और ई-मेल भेजा है। आयोग के सचिव कर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि इस सूचना में कहा गया है कि यह ठग गैंग है जो कि इस तरह बरगलाने की कोशिश कर रहा है। आयोग की परीक्षा निर्धारित तिथि को ही होगी। पेपर की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से सुरक्षित है।
newsvartaindia.in