उत्तराखंड : चमोली जिले में शनिवार को सुबह 5 बजकर 58 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.6 मापी गई। भूकंप का केंद्र चमोली जिले में 5 किलोमीटर भूमि के अंदर था। वहीं भूकंप के तीव्र झटके से गोपेश्वर-घिंघराण रोड पर चट्टान से पत्थर छिटक गए, जिससे सड़क पर दौड़ रहे युवाओं में अफरातफरी मच गई। कई लोग यहां मॉर्निंग वॉक के लिए पहुंचे थे।
गोपेश्वर गांव के छोटी तिवारी ने बताया कि वे सुबह घिंघराण रोड पर टहल रहे थे, तभी अचानक भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया। भूकंप के बाद चट्टान से बोल्डर तेज रफ्तार से सड़क पर आ गए। वहीं, भूकंप आने पर लोग घरों से बाहर निकल गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि भूकंप से किसी प्रकार के जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। भूकंप का केंद्र जोशीमठ की ओर था।
भूकंप आते ही लोग घरों से बाहर आए
वहीं कर्णप्रयाग सहित आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के झटकों से लोग सहम गए। भूकंप आते ही लोग घरों से बाहर आ गए। सिमली, लंगासू, गौचर, आदिबदी, थराली, देवाल, गैरसैंण, नारायणबगड़, आदिबदरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
वहीं श्रीनगर में सुबह लगभग 5.59 बजे भूकंप का झटका महसूस किया। स्थानीय निवासी रवि ने बताया कि भूकंप आते ही घरों से बाहर भागे। वहीं, जगदंबा प्रसाद मैठाणी, राकेश ध्यानी, डा. कपिल पंवार, अनूप बहुगुुणा, शमीम अहमद व एनसी खंडूड़ी ने बताया कि सुबह होने पर वह घर के बाहर घूम रहे थे। इसी दौरान जमीन हिलने लगी। जब तक वह सुरक्षित स्थान की ओर जाते, तब तक हलचल थम गई।