बल्लभगढ़। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की सुरक्षा को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर भारी सुरक्षा बल तैनात रहा। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में न तो मंडियां बंद होंगी और न ही एमएसपी पर खरीद करने का सिस्टम खत्म किया जाएगा।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले वर्ष गेहूं के सीजन में पूरे प्रदेश में किसानों का एक-एक दाना खरीदा गया। किसान की फसल के पैसे पहले आढ़तियों के खाते में आते थे लेकिन आढ़तियों से बातचीत कर फसल का पैसा सीधा किसानों के खाते में भेजा गया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष गेहूं की सीजन में 23 प्रतिशत किसानों ने सीधे खाते में पैसे लिए और धान की सीजन में 67 प्रतिशत किसानों ने सीधे खाते में पैसे लिए।
इस बार 78 प्रतिशत किसानों ने खुद अपने खाते अपलोड किए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार किसान जैसे ही मंडी में गेहूं व दूसरी फसल लेकर आएगा और फार्म-जे कटेगा उसके 48 घंटे के अंदर ही फसल के पैसे सीधे किसान के खाते में पहुंच जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं कि मंडियां खत्म हो जाएंगी लेकिन मंडियां सरकार की खरीद की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 450 खरीद केंद्र थे और पिछले वर्ष कोरोना को देखते हुए इनकी संख्या हमने 1800 तक बढ़ाई। किसानों की सुविधा को देखते हुए उनके घर के नजदीक ही खरीद केंद्र स्थापित किया। उन्होंने कहा सरकार किसानों को हर तरह की सुविधा के लिए पूरी तरह से कृतसंकल्प है और जरूरत पड़ी तो किसान के खेत से भी खरीद करवा सकते हैं।