उत्तराखंड में ऋषिगंगा की आपदा में लापता लोगों में से बृहस्पतिवार को तीन लोगों के शव बरामद हुए। आपदा के 12वें दिन तपोवन सुरंग से दो लोगों और रैणी गांव निवासी एक महिला का शव मिला। टनल से एक मानव अंग भी बरामद हुआ है। आपदा में लापता 204 लोगों में से 61 शव मिल चुके हैं जबकि 143 अभी भी लापता हैं। वहीं 27 मानव अंग भी अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए हैं। वहीं टनल से पानी निकालने के बाद से यहां फिर से मलबा हटाने का काम शुरू हो गया है।
सात फरवरी को ऋषिगंगा में आई बाढ़ में रैणी पावर प्रोजेक्ट और तपोवन जल विद्युत परियोजना में काम करने वाले कर्मचारियों और मजदूरों के अलावा स्थानीय लोग भी लापता हो गए थे। प्रशासन ने 204 लोगों के लापता होने की बात कही थी, जिसके बाद से लोगों की तलाश की जा रही है। तपोवन परियोजना की टनल में बड़ी संख्या में कंपनी के कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। अब तक टनल से 13 शव और एक मानव अंग मिल चुका है।