उत्तराखंड के अन्नदाता सड़कों पर निकले और ट्रैक्टर रैली निकाल कर नए कृषि कानूनों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार का पुतला बनाकर किसानों ने रोष प्रकट किया।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को कृषि बिल के विरोध में किसानों ने दिनेशपुर से विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली। रैली से पहले किसानों ने शहर में केंद्र और राज्य सरकार के पुतलों के साथ जुलूस निकाला। बाद में मुख्य चौराहे पर पुतला दहन किया गया।
ट्रैक्टर रैली गुरुद्वारा परिसर से निकाली गई। रैली को क्षेत्र के वयोवृद्ध किसान जोगिंदर सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद किसान ट्रैक्टरों से रैली के साथ गूलरभोज की ओर रवाना हो गए। वहीं, गूलरभोज में शिक्षा मंत्री के आवास के पास किसानों ने धरना दिया।